उमड़ी भीड़ से गदगद दिखे प्रदेश अध्यक्ष, अंबेडकरनगर से मजलिस को बड़ी उम्मीद; टांडा में जल्द होगा बड़ा सम्मेलन
अम्बेडकरनगर: आलापुर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम नेवारी दुराजपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़ ने सियासी हलचल तेज कर दी। कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली और पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष इसरार अहमद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार और आगामी रणनीति के संकेत दिए। भारी जनसमर्थन देखकर प्रदेश अध्यक्ष गदगद नजर आए और अंबेडकरनगर से मजलिस की मजबूत संभावनाओं का दावा किया।

प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने बुनकर समाज के मुद्दे उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में बुनकरों को मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि बिजली बकाया के बोझ से बुनकर समाज परेशान है और उन्हें राहत की जरूरत है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विकास, रोजगार और शिक्षा की बजाय हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती है।
पूर्वांचल प्रदेश अध्यक्ष इसरार अहमद ने कहा कि कुरैशी समाज, बुनकर समाज और मुसलमानों पर हो रहा उत्पीड़न नाकाबिले बर्दाश्त है। उन्होंने समाजवादी पार्टी को “डूबता हुआ जहाज” बताते हुए कहा कि अब मजलिस ही कमजोर तबकों की आवाज बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह हर समाज के पास अपना डंडा और झंडा है, उसी तरह मुसलमानों को भी अपनी ताकत संगठित करनी होगी तभी इंसाफ मिलेगा।

नेताओं ने अंबेडकरनगर में संगठन को तेजी से मजबूत करने का ऐलान करते हुए कहा कि टांडा क्षेत्र में जल्द ही एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में पूर्वांचल समर्थकों के साथ पहुंचे प्रदेश सचिव मुराद अली ने कहा कि हम किसी धर्म जाति बिरादरी की बात नहं करते बल्कि जहां जुल्म होता है वहां पहुंच कर देश के कानून के सहारे इंसाफ दिलाने की मजबूत पहल करते हैं। उक्त मौके पर जिला अध्यक्ष गुलाम दस्तगीर अंसारी, जिला महासचिव नबी अहमद, सद्दाम हुसैन, संगठन मंत्री मकसूद अहमद, आरिफ बेग, शिबू शेख, नूर मोहम्मद, मुस्ताक अहमद, अफरोज आलम, चांद भाई, सरफराज अहमद, सेराजुद्दौला, हाजी करीम अहमद, डॉ. दिलीप त्यागी, अबू साद, शहर ए आलम, फिदा हुसैन, तीर्थराज दंगली, राम सजीवन गुप्ता, अब्दुल करीम, संदीप कुमार, जहीर कुरैशी, रुमान अंसारी, शुभम कुमार, शिवम कुमार, अमरजीत, गौरव, आर्यन, सत्यम, मोहम्मद बासित, सिद्दीक अहमद, महफूज आलम, राजकुमार, जावेद अहमद, मुगीस अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने जहांगीरगंज की सम्मानित जनता की बेपनाह मोहब्बत और समर्थन के लिए आभार जताया।








