अंबेडकरनगर में LPG की किल्लत पर विराम: 10,251 सिलेंडर उपलब्ध, घबराने की जरूरत नहीं : जिला पूर्ति अधिकारी
अम्बेडकरनगर में एलपीजी गैस की कमी की आशंकाओं के बीच जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने साफ किया है कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और जिले में 10,251 एलपीजी गैस सिलेंडर, 2,577 किलोलीटर डीजल और 2,003 किलोलीटर पेट्रोल उपलब्ध है। साथ ही गैस एजेंसियों पर 784 छोटे सिलेंडर भी मौजूद हैं, जिन्हें जरूरतमंद उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि आमजन, प्रवासी श्रमिक, छोटे उपभोक्ता और रेहड़ी-पटरी लगाने वाले लोग आईडी दिखाकर संबंधित गैस एजेंसी से छोटे कमर्शियल सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। मार्च 2026 में जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हुई थी और डीएससी नंबर जारी हुआ था, उसे नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ निष्क्रिय कर दिया गया है। अब उन उपभोक्ताओं को क्रमवार नया डीएससी नंबर जारी किया जा रहा है और गैस कंपनियों द्वारा इसे पुनः सक्रिय कर होम डिलीवरी कराई जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी श्री पांडेय ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं को नियमानुसार एलपीजी सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करें। चेतावनी दी गई है कि वितरण में लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।








