बलिया (रिपोर्ट: अखिलेश सैनी) नगरा के रसड़ा ब्लाक मोड़ पर मंगलवार को तड़के लगभग 5.30 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने तीन महिलाओं को धक्का मार दिया जिसमें नगर पालिका रसड़ा की एक सफाई कर्मी महिला रानी देवी (45) पत्नी स्व. संतोष रावत निवासी छितौनी की मौत हो गयी। जबकि दो अन्य महिला गिरिजा देवी (50) पत्नी राम लक्ष्यराम तथा रामावती देवी (50) पत्नी कुबेर राम निवासी छितौनी गंभीर रूप से घायल हो गयीं। तीनों महिलाएं एक साथ टहलने गयीं हुई थी। लौटकर वे सड़क के किनारे बात कर रही थीं तभी रसड़ा की तरफ से नगरा जा रही बोलेरो उन्हें धक्का मारते हुए भाग निकली। महिला सफाई कर्मी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी जबकि दोनों घायल महिलाआें को रसड़ा अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। इस दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ रसड़ सीएचसी पर पहुंच गई जिसे पुलिस ने काफी प्रयास के बाद भीड़ को हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।