अम्बेडकरनगर: शुक्रवार की सुबह सुबह अज्ञात बदमाशों ने हंसवर में स्थित एक हकीम की निर्मम हत्या कर क्षेत्र में दहशत फैला दिया है। मौके पर आलाधिकारियों सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंसवर थाना क्षेत्र के हंसवर बाजार निवासी 55 वर्षीय हकीम हबीबुर्रहमान उर्फ पहाड़ी पुत्र नज़रे हुसैन पर तीन अज्ञात बदमाशों ने हमला बोलते हुए धारदार बांका व गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया तथा फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाते हुए फरार हो गए। हत्या की सूचना पर हंसवर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह के बाद ही टाण्डा पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर भी पहुंच गए। माहौल को देखते हुए टाण्डा कोतवाली निरीक्षक संजय कुमार पांडेय, अलीगंज थानाध्यक्ष रामचन्द्र सरोज व आलापुर कोतवाली निरीक्षक भी मै पुलिस बल के पहुंच गए। हत्या की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अवनीश कुमार मिश्र ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक पहाड़ी पर धारदार बांका से हमला करते हुए गोलियां भी मारी गई है। चर्चा है कि हकीम पहाड़ी के पुत्र का क्षेत्र की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था तथा एक माह पूर्व दोनों ने कोर्ट मैरिज कर लिया था जिससे लकड़ी पक्ष काफी नाराज था और दोनों पक्षों में इसी मामले को लेकर काफी विवाद चल रहा है। पहाड़ी हत्याकांड को इस प्रेम प्रसंग मामले से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर ने बताया कि हत्या के सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है फिलहाल तत्काल कुछ भी कहना सही नहीं होगा लेकिन हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।