अम्बेडकरनगर: दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में एक अज्ञात युवक व एक युवती के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात युवक की शिनाख्त कर लिया गया है जबकि युवती की मौत के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के सुलतानगढ़ पुल के निकट तमसा नदी के किनारे सोमवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा देर शाम में अज्ञात युवक की शिनाख़्त करा लिया गया। 45 वर्षीय मृतक बृजेश राजभर पुत्र रामशब्द निवासी महमूदपुर सुकन्दरपुर थाना सम्मनपुर का निवासी था। मृतक नशे का आदी था और रविवार की शाम को घर से निकला था।
दूसरी तरफ जहांगीरगंज थानाक्षेत्र के माडरमऊ गाँव में मोहिद्दीन की पुत्री सायमा का शव घर में मिलने से सनसनी फैल गई। चर्चा के अनुसार मृतिका सायमा का गाँव के ही नदीम पुत्र मेराज़ अहमद से प्रेम प्रसंग चल रहा था, मृतिका ने जब विवाह का दबाव बनाया तो प्रेमी नदीम द्वारा मोटी रकम की डिमांड की गई, जो मृतिका के परिजनों ने देने से मना कर दिया जिसके कारण प्रेमिका सायमा ने ज़हरीला पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहांगीरगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती की मृत्यु की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष का दावा है कि मृतिका के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।








