अम्बेडकरनगर: मंगलवार को टाण्डा कोतवाली क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग हादसों ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर बाइक फिसलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजमेरी बादशाहपुर निवासी बंटी (36) पुत्र पांचूराम नदी में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में डूब गया। काफी तलाश के बाद उसका शव फूलपुर क्षेत्र में नदी किनारे बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।उधर, दूसरी घटना में पकड़ी भोजपुर निवासी गोविन्द (32) पुत्र राम सुमेर उर्फ मुसाई बरियावन की ओर से मोटरसाइकिल से आ रहे थे। बलया जगदीश के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही टाण्डा कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार दोनों स्थानों पर शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।




