अम्बेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के मजेसा गांव के लेहड़ी मजरे में तालाब में भैंस जाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को मोहन लाल कन्नौजिया की भैंस गांव के तालाब में चली गई थी। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे। आरोप है कि 48 वर्षीय मोहन लाल कन्नौजिया को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद तालाब के पास शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर बरियावन-पट्टी मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
रात के अंधेरे में सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सम्मनपुर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। भारी पुलिस बल तैनात कर हालात पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास जारी है।
गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(नोट: यह खबर प्रारंभिक सूचना और स्थानीय स्रोतों पर आधारित है। पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच रिपोर्ट के बाद तथ्यों में परिवर्तन संभव है।)




