अम्बेडकरनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को अकबरपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल सियासी रणभूमि में तब्दील हो गया, जब हजारों सपाई भाजपा सरकार के खिलाफ “हल्लाबोल” करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।
धरना स्थल पर सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर “PDA आरक्षण घोटाला”, आरक्षित सीटों की लूट, लगातार हो रहे पेपर लीक, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ और बेलगाम महंगाई को लेकर जोरदार हमला बोला। नेताओं ने कहा कि “प्रदेश में नौकरी नहीं, सिर्फ विज्ञापन मिल रहा है। किसान खाद के लिए लाइन में है, युवा भर्ती के लिए परेशान है और आम आदमी बिजली, गैस और पेट्रोल के बढ़ते दामों से टूट चुका है।”
सपा नेताओं ने बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि “एक तरफ घंटों बिजली कटौती हो रही है, दूसरी तरफ 10 प्रतिशत तक बिजली महंगी कर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। यही भाजपा का डबल इंजन मॉडल है — कटौती भी, वसूली भी।”
धरना प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “महंगाई हटाओ”, “युवा बचाओ”, “आरक्षण बचाओ” और “पेपर लीक बंद करो” जैसे नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में सांसद लालजी वर्मा, टाण्डा विधायक राममूर्ति वर्मा, अकबरपुर विधायक रामअचल राजभर, आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त, पूर्व विधायक सुभाष राय, पूर्व एमएलसी अजय कुमार उर्फ विशाल वर्मा, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव, पूर्व चेयरमैन कमर हयात अंसारी, पूर्व चेयरमैन हाजी इफ्तिखार अंसारी, जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू, महंत चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, मुसाब अजीम, हाफिज बदरुद्दोजा अंसारी, संदीप यादव, सै. कसीम अशरफ, फैज़ान खान, रघुनाथ यादव, ज़फ़र हयात अंसारी, बाल मुकुंद धुरिया, अहमद जिया अंसारी, मो. सईम, सूर्या पासवान, उसैद सिद्दीकी, मो. सईद, इसरा अहमद, सुरजीत वर्मा, लवकुश वर्मा, राजितराम यादव, बादशाह खान, अजय दूबे, उत्तम चौधरी, शेष कुमार वर्मा, आसिम खान समेत बड़ी संख्या में सपाई मौजूद रहे।




