पिकअप से भीषण भिड़ंत में युवक की मौत, दो जिंदगी-मौत से जूझ रहे
अम्बेडकरनगर: इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर बंजारा के पास बुधवार को तेज रफ्तार, मूसलाधार बारिश और ट्रिपल राइडिंग का खतरनाक मेल एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ गया। इल्तिफातगंज की ओर से आ रही पिकअप (UP32 ST 2045) और स्प्लेंडर प्लस बाइक (UP45 BA 3134) की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार अनवर अली (24) पुत्र आजाद आलम निवासी कनासपुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शादान (18) पुत्र सिद्दीक गंभीर रूप से घायल हो गया। एहसान (32) को भी चोटें आई हैं।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पीआरबी-7382 के पुलिसकर्मी प्रवेंद्र यादव, प्रवीण कुमार, अमित यादव तथा हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र पाण्डेय तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल शादान को बिना समय गंवाए पीआरबी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए राजकीय महामाया मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही इब्राहिमपुर थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मृतक अनवर अली का सऊदी अरब जाने का टिकट पहले ही कन्फर्म हो चुका था और वह महज दो दिन बाद रोज़गार के लिए विदेश रवाना होने वाला था। परिवार उसके सुनहरे भविष्य के सपने संजो रहा था, लेकिन एक पल की दुर्घटना ने उन सभी सपनों को हमेशा के लिए तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2025 में भी अनवर एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गया था, लेकिन इस बार किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया। बारिश के बीच तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही पिकअप से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग और मौसम की लापरवाही सड़क पर किसी भी पल जिंदगी छीन सकती है।




