आगामी फरवरी माह में अयोध्या में आयोजित होगा भव्य अंतरराष्ट्रीय रन फॉर राम मैराथन
अम्बेडकरनगर बना प्रदेश का 7वां जिला, जहां क्रीड़ा भारती ने कराया ‘रन फॉर राम’ मैराथन का सफल आयोजन
अम्बेडकरनगर: मूसलाधार बारिश और खराब मौसम भी युवाओं के उत्साह को नहीं डिगा सका। क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित ‘रन फॉर राम’ मैराथन में बालक और बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाकर प्रभु श्रीराम के आदर्शों के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का परिचय दिया।
जिला मुख्यालय पर आयोजित मैराथन का शुभारंभ आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल ने किया। इस दौरान क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष एवं एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि ‘रन फॉर राम’ की शुरुआत करीब पांच वर्ष पूर्व अयोध्या से हुई थी। आज यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है, जिसमें देश-विदेश के धावक भाग लेते हैं। 
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों तक इस आयोजन को पहुंचाने का लक्ष्य है और अम्बेडकरनगर इस अभियान का सातवां जिला बन गया है, जहां पहली बार इसका सफल आयोजन हुआ।
उन्होंने बताया कि इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, अनुशासन और कर्तव्य पालन की प्रेरणा से जोड़ना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक और बालिका वर्ग के विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।




