अम्बेडकरनगर। शासन की मंशा के अनुरूप गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याओं के समाधान के अभियान के तहत जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने गुरुवार रात भीटी तहसील के सम्मनपुर छितौनिया गांव में रात्रिकालीन चौपाल लगाई। डीएम ने ग्रामीणों की शिकायतें सीधे सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि बाकी मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में जनपद के अन्य गांवों में भी वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चौपालें आयोजित की गईं, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई और प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।




