अम्बेडकरनगर: तहसील व विकास खंड टाण्डा के ग्राम दहियावर निवासी हिंदुत्वादी नेता राम सिंगार गौतम का शुक्रवार की रात्रि में आकस्मिक निधन हो गया था जिनका अंतिम संस्कार महदेवा घाट पर शनिवार को किया गया।राम सिंगार गौतम की आकस्मिक मृत्यु पर हिंदुत्वादी संगठनों व कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पुत्र मदन लाल गैतम को संबोधित शोक संदेश एवं आर्थिक सहयोग के रूप में दो लाख रुपये का चेक भेजा।
रविवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधू वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता रामा शंकर सिंह व टाण्डा उपजिलाधिकारी अरविंद कुमार त्रिपाठी दहियावर स्थित दिवंगत राम सिंगार गौतम के आवास पर पहुंच कर उनके परिवार को मुख्यमंत्री कोष से दो लाख रुपये का आर्थिक सहयोग व शोक संदेश भेंट किया।
शोक संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मदन लाल गौतम को लिखा कि “आपके पूज्य पिता श्री राम सिंगार गौतम जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर अत्यन्त दुःख हुआ। पिता का निधन किसी भी पुत्र के लिए अत्यन्त दुखदायी होता है, लेकिन जन्म-मरण का चक्र हमें जीवन की नश्वरता एवं सच्चाई का बोध भी कराता है। श्री राम सिंगार गौतम का निधन परिवार की अपूरणीय क्षति है।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को चिर-शांति प्रदान करें तथा आप सभी परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
बहरहाल हिंदुत्वादी नेता रामसिंगार गौतम के निधन पर शोक संवेदना प्रकट करने का सिलसिला जारी है और इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता व शोक संदेश भेजा है जिसकी क्षेत्र में चर्चा जारी है।





