अम्बेडकरनगर: बसखारी थाना क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय किशोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। किशोरी के घर से बिना बताए गायब होने के बाद परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसकी जांच के दौरान मामला प्रेम-प्रसंग और नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने से जुड़ा पाया गया।
बसखारी पुलिस के अनुसार, थानाक्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री के 25 मई को घर से अचानक गायब होने की सूचना दी थी। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाना बसखारी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने मो. ज़ीशान पुत्र मो. फिरोज, निवासी मेहंदी घाट थाना हंसवर का नाम प्रकाश में आया। बसखारी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को नई बाजार बसखारी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।




