जलालपुर पालिका बोर्ड में जबरदस्त हंगामा! बढ़े हाउस टैक्स पर लगी रोक, भुगतान से पहले होगी जांच
अम्बेडकरनगर: नगर पालिका परिषद जलालपुर की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक हंगामे और तीखी बहस के बीच संपन्न हुई। सभासदों ने जनहित के कई बड़े मुद्दों पर प्रशासन को घेरा और लंबी बहस के बाद कई अहम प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए।
बैठक का सबसे बड़ा फैसला बढ़े हुए हाउस टैक्स को लेकर रहा। सभासदों ने जनता पर बढ़े कर के बोझ का विरोध करते हुए नए हाउस टैक्स बिलों को निरस्त करने का प्रस्ताव रखा, जिसे बोर्ड ने मंजूरी दे दी। अब पुराने हाउस टैक्स के आधार पर ही कर वसूली होगी, जिसमें केवल 10 प्रतिशत की वृद्धि लागू की जाएगी।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी बोर्ड में जोरदार बहस हुई। सभासदों ने निर्माण कार्यों में हॉलमार्क ईंटों की अनिवार्यता समाप्त करने का प्रस्ताव रखा और कहा कि निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ईंटों का ही उपयोग कराया जाए। यह प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हो गया।
विकास कार्यों के भुगतान पर भी बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया। निर्णय लिया गया कि अब किसी भी निर्माण कार्य का भुगतान सीधे नहीं होगा। इसके लिए पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की जाएगी, जो कार्यों की गुणवत्ता और वास्तविकता की जांच करेगी। समिति की रिपोर्ट के बाद ही संबंधित ठेकेदारों का भुगतान किया जाएगा।
बैठक के दौरान कई बार सभासदों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी, लेकिन अंततः नगरहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बन गई। बोर्ड के इन फैसलों को नगर की जनता के लिए बड़ी राहत और पारदर्शिता की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




