अम्बेडकरनगर। बसखारी थाना क्षेत्र में एनएच-233 पर एदिलपुर गांव के पास सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा शव कई सवाल खड़े कर रहा है। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत कहीं और हुई और बाद में सबूत मिटाने के इरादे से शव को राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लाकर फेंक दिया गया।
सूचना मिलते ही बसखारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। मृतक का पेट फूला हुआ था और आंखों का रंग पीला दिखाई दे रहा था। उसके शरीर पर शर्ट और लोवर था तथा प्रथम दृष्टया किसी गहरे चोट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना देने के साथ स्थानीय लोगों से भी संपर्क कर रही है।
प्रथम दृष्टया हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव की पहचान कराने के उद्देश्य से फ़ोटो लगया गया है। अगर किसी को इस संबंध में कुछ भी जानकारी हो तो बसखारी पुलिस या सीओ सिटी से साझा करें।




