अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर-मान्यता प्राप्त पत्रकार) महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से डीजीएमई (निदेशक जनरल चिकित्सा शिक्षा) द्वारा नियुक्त वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने वृहद स्थलीय निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक, चिकित्सीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन करने के लिए किया गया।
निरीक्षण दल में प्रमुख रूप से डॉ. आर. पी. सिंह, आचार्य बाल रोग विभाग, कानपुर मेडिकल कॉलेज तथा डॉ. राजेश कुमार बरनवाल, संबद्ध प्रधानाचार्य, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, लखनऊ शामिल रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने कॉलेज परिसर के विभिन्न विभागों का क्रमवार निरीक्षण किया और उपलब्ध संसाधनों, फैकल्टी, मरीजों की सुविधाओं तथा शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सेवाएं, लैबोरेटरी, ऑपरेशन थिएटर, वार्ड, दवा भंडार, शिक्षण कक्ष, लाइब्रेरी एवं छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में संचालित पाठ्यक्रमों, फैकल्टी की उपलब्धता, रेजिडेंट डॉक्टरों की तैनाती और प्रशिक्षण व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
डॉ. आर. पी. सिंह ने बाल रोग विभाग की कार्यप्रणाली, नवजात एवं शिशु देखभाल सेवाओं, टीकाकरण व्यवस्था तथा बच्चों के इलाज से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधारों को लेकर सुझाव दिए। वहीं डॉ. राजेश कुमार बरनवाल ने कॉलेज के शैक्षणिक मानकों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं चिकित्सा शिक्षा से जुड़े अभिलेखों का परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त एम्बुलेंस सेवा, वार्डों में मरीजों की स्थिति, एक्स रे, ऑक्सीजन प्लांट, ओटी आदि का गहनता से निरीक्षण किया।
टीम ने महामाया मेडिकल प्रशासन को सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने, आरओ वाटर कूलर की व्यवस्था, आभा रजिस्ट्रेशन बढ़वाने, साफ सफाई को और बेहतर बनाने के साथ जन औषधि केंद्र पर दवाओं का नाम व मूल्य की लिस्ट लगवाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन के साथ बैठक कर अब तक की प्रगति की समीक्षा की तथा भविष्य में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कॉलेज प्रशासन ने निरीक्षण दल को आश्वस्त किया कि दिए गए सुझावों एवं निर्देशों के अनुरूप शीघ्र ही आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। निरीक्षण को लेकर कॉलेज स्टाफ एवं चिकित्सकों में सक्रियता और उत्साह देखा गया।
उक्त मौके पर प्रधानाचार्य डॉ मुकेश यादव, उप प्रधानाचार्य डॉ उमेश वर्मा, चिकित्साधीक्षक डॉ अमित पटेल, ज़ह चिकित्साधीक्षक डॉ मुकुल सक्सेना, डॉ अमित गुप्ता, डॉ राजेश यादव, डॉ राजेश गौतम, डॉ राना प्रताप, डॉ अवनीश कुमार, डॉ वीके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।





