अम्बेडकरनगर: नगर पंचायत परिक्षेत्र के एक गाँव के बीच मौजूद तालाब में डूबने से फिर एक मासूम को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा हालांकि क्षेत्रीय विधायक द्वारा बाउंड्रीवॉल कराया गया था लेकिन स्थानीय लोगों की तनिक लालच के चक्कर में अपनों की ही कुर्बानी देनी पड़ रही है।
मामला नगर पंचायत जहांगीरगंज के वार्ड संख्या 09 नेवारी दूराजपुर का है जहाँ गाँव के बीच बड़ा तालाब मौजूद है। उक्त तालाब में गत वर्ष एक मासूम बच्चे की रहस्यमय ढंग से डूबने के कारण मौत हो गई थी जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक त्रिभुवन दत्त द्वारा तालाब की बाउंड्रीवाल कराई गई थी लेकिन तालाब के पीछे बने घर वालों द्वारा तालाब की तरफ दरवाजा खोल लिया गया है। चर्चा है कि तालाब की भूमि को पाटकर कब्जा करने के उद्देश्य से रास्ता बना लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरीददुद्दीन के घर के पीछे भी तालाब है जहां से एक रास्ता नुमा बना लिया गया है। उक्त रास्ता से ही फरीददुद्दीन कि पत्नी सरवरी खातून मंगलवार की सुबह लगभग 6:30 बजे ब्रेड आदि लेने के लिए पास वाली गुमटी पर गई जहां उसके पीछे दो वर्ष से कम आयु का मासूम अहमद भी चला गया जो असन्तुलित होकर तालाब में गिर गया और उसकी माँ को खबर तक नहीं हुई। काफी देर बाद जब अहमद की तलाश शुरू हुई तो उसका शव तालाब से बरामद हुआ। मासूम अहमद ने अभी ठीक से चलना भी नहीं शुरू किया था कि तालाब में डूबने से मौत हो गई जिससे सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों द्वारा शव का पंचायतनामा भर कर शव को दफन कर दिया गया जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई।








