अम्बेडकरनगर: इलाज़ के दौरान मौत होने पर डाक्टर मंशाराम यादव पुत्र राम शकल यादव को गैर इरादतन हत्या के मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मलूकपुर बड़ागांव स्थित हरिराम भट्ठे पर काम करने वाले सल्लनशाह पुत्र रफीक शाह निवासी दुधवा मिननिया थाना फूकबाहेऊ तहसील व जिला लखीमपुर खीरी की सात वर्षीय पुत्री रुबीना बानों को बुखार हो जाने के कारण उसका इलाज करने के लिए देर शाम भट्टे के कुछ ही दूरी पर स्थित झोलाछाप डॉक्टर मंशा राम यादव के पास इलाज कराने के लिए पहुंचे। मृतक पुत्री के पिता ने बताया कि डॉक्टर द्वारा बच्ची को एक इंजेक्शन लगाते हुए दवा दिया। दवा लेकर जब तक हम लोग भट्ठे के पास स्थित आवास पर पहुंचते तब तक बच्ची का शरीर काला पड़ना शुरू हो गया और थोड़ी देर में बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के मौत होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। साथ ही साथ क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार करते गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा संख्या 82/24 धारा 304 आईपीसी में दर्ज कर वांछित अभियुक्त डाक्टर मंशाराम यादव पुत्र राम शकल यादव उम्र 53 निवासी कन्नूपुर पेठिया(छितुनी) थाना जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
झोला छाप चिकित्सक के गलत इलाज से पहले भी हो चुकी है मौत
जलालपुर क्षेत्र में झोलाछाप डाक्टरो के गलत इलाज के कारण आये दिन लोगों की जान जा रही है। बावजूद इस के स्वास्थ्य महकमा इन पर मेहरबान है और बिना टोक टोक ये लोगों की जिन्दगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। मलूकपुर बड़ा गांव में बच्ची की मौत से पहले जलालपुर वाजिदपुर मोड़ पर स्थित चाइल्ड केयर पर गलत इलाज के चलते एक मासूम की मौत हो गई थी यहां चिकित्सक बच्चे की मौत के बाद इलाज करते हुए उसे रिफर कर रहा था। वहीं रामगढ़ रोड स्तिथ मिर्जा गालिब स्कूल के कुछ ही दूरी पर सरकारी अस्पताल में हड्डी के डाक्टर ने एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन किया था और उस की मौत होगयी थी। बताया जाता है कि चिकित्सक की डिग्री हड्डी डॉक्टर की है मगर वह सभी ऑपरेशन धडल्ले से करता है। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर के सामने एक निजी अस्पताल में डाक्टर की लापरवाही से एक गर्भवती महिला की भी असमय मौत हो चुकी है।





