अम्बेडकरनगर: जन्म प्रमाण पत्र के लिए अभिभावकों द्वारा तहसील, नगर पालिका व ग्राम पंचायत स्तर तक महीनों तक चक्कर काटने के बावजूद भी प्रमाण पत्र न मिलने से आमजन त्रस्त हैं। तीन से छह महीने तक लगातार आवेदन करने के बाद भी प्रमाण पत्र न बनने से बच्चों का स्कूल में प्रवेश और लोगों का वसीयत/वरासत संबंधी कार्य अटक गया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका के सभासद मिराज अहमद, अजीत निषाद, बृजेश कुमार, केतकी शर्मा और पप्पू अंसारी सहित आधा दर्जन पार्षदों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें कहा गया कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन महीनों पहले जमा होने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता भारी परेशानी झेल रही है।सभासदों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन को तत्काल निर्देश देकर लंबित पड़े सभी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द से जल्द जारी कराए जाएं।
इस संबंध में जलालपुर के जिलाधिकारी का कहना है कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और लोगों की दिक्कतों का समाधान शीघ्र ही किया जाएगा।








