अम्बेडकरनगर। देश के चर्चित पर्यावरणविद् एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर, नई दिल्ली में चल रहे शांतिपूर्ण भूख हड़ताल के समर्थन में शनिवार, 18 जुलाई को जलालपुर में पैदल मार्च निकाले जाने की तैयारी तेज हो गई है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला पंचायत सदस्य एवं समाजवादी पार्टी के नेता आलोक सिंह यादव ने एसडीएम जलालपुर को पत्र देकर प्रशासनिक अनुमति मांगी है।
आलोक सिंह यादव द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पैदल मार्च का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सोनम वांगचुक के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त करना है। उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि पूरा कार्यक्रम कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा।
आवेदन के मुताबिक, पैडल मार्च 18 जुलाई को सुबह 10 बजे रामलीला मैदान, जलालपुर से शुरू होगा। इसके बाद यह सराय चौक, यादव चौराहा, जमालपुर चौराहा, वाजिदपुर मोड़, रामजानकी मंदिर और शिवाजी तिराहा होते हुए पुनः रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त होगा।
आलोक सिंह यादव ने एसडीएम से कार्यक्रम की अनुमति देने का अनुरोध करते हुए कहा है कि प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। अब इस पैदल मार्च को लेकर प्रशासन के फैसले का इंतजार है। यदि अनुमति मिलती है तो शनिवार को जलालपुर की सड़कों पर पर्यावरण संरक्षण और सोनम वांगचुक के समर्थन में रैली देखने को मिलेगी।




