WhatsApp Icon

इंस्टाग्राम पर इमोजी पड़ा भारी! किशोर का कथित अपहरण, असलहा सटाकर जंगल में बेरहमी से पीटा

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम रील पर एक इमोजी शेयर करना एक किशोर को इतना महंगा पड़ गया कि उसे कथित रूप से अगवा कर असलहा सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कटका थाना क्षेत्र के निमटनी गांव निवासी नीरज ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर गौरव यादव के अकाउंट से साझा की गई एक रील पर उसने केवल एक इमोजी पोस्ट किया था। इसी बात से नाराज होकर आर्यन ठाकुर नाम के अकाउंट से उसे गालियां और अभद्र टिप्पणियां की गईं, जिन्हें बाद में हटा दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि सोशल मीडिया पर हुए इसी विवाद के बाद 18 जून की रात करीब 8:30 बजे भवानीपट्टी निवासी सौरभ यादव, गौरव यादव, अंकित यादव और विशाल यादव ने उस्मापुर से लौटते समय उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर असलहा सटाकर जबरन ब्रह्म बाबा के जंगल में ले जाया गया।

शिकायत के मुताबिक जंगल में आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवा दिए, मुंह में गमछा ठूंस दिया और बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, जाते समय उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और उसे घायल अवस्था में वहीं छोड़ दिया गया। किसी तरह घर पहुंचकर उसने पूरी घटना परिजनों को बताई।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पहले कटका थाने पहुंचे तो क्षेत्राधिकार का हवाला देकर जलालपुर भेज दिया गया। जलालपुर कोतवाली में भी शिकायत देने के बावजूद दो दिन तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर, मेडिकल परीक्षण और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबर

सड़कों पर घूम रहे निराश्रित स्वानों पर प्रशासन सख्त, हर महीने चलेगा पकड़ने और टीकाकरण का अभियान!

रातभर सड़कों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, राम-भरत मिलन के साथ संपन्न हुआ बसखारी का ऐतिहासिक आयोजन, मजनू पिजड़ा की रही चर्चा

लखनऊ में छिपा बैठा था टाण्डा का ₹50 हजार का इनामी, पुलिस ने घर से दबोचा

error: Content is protected !!