अम्बेडकरनगर: पवित्र सरयू तट किनारे स्थित औद्योगिक नगरी टांडा में श्री झारखंड महादेव के प्राचीन स्थान से परम्परानुसार ऐतिहासिक जुलूस रामजीत साहू की अध्यक्षता में निकाला गया। इससे पूर्व अलीगंज चौराहा से श्याम बाबू गुप्ता के नेतृत्व में निकला जुलूस धुरियहिया तक गया और वापस लौट कर मुख्य जुलूस में शामिल हुआ।
भव्य ऐतिहासिक होली जुलूस परंपरागत मार्गों से होता हुआ पुनः श्री झारखंड महादेव मंदिर पर समाप्त हुआ। इस दौरान होली जुलूस का नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। जुलूस में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रूप धारण कर पुल्लु चौरसिया चर्चा का विषय बने रहे।
होली जुलूस को शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला लगा हुआ था। होली जुलूस के मार्गो में पड़ने वाले विपरीत समुदाय के धार्मिक स्थलों की दीवारों पर त्रिपाल लगाई गई थी तथा जुलूस पहुंचने से पूर्व वहां पुलिस बल तैनात किया गया। जुलूस के दौरान नगर पालिका प्रशासन भी एलर्ट मूड पर रहा।
मार्गों में पड़ने वाली मस्जिदों के पास नगर पालिका के सफाई कर्मी बाल्टी में पानी व झाडू लेकर किसी अनहोनी की आशंका के कारण तैयार नज़र आए। प्रशासन द्वारा व्यवस्था किया गया था कि अगर गलती से भी किसी मस्जिद व मदरसा पर रंग पड़ जाता है तो उसे पालक झपके साफ कर दिया जाए हालांकि पूरे जुलूस के दौरान कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई। सौहार्दपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से होली जुलूस सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस लिया।
होली जुलूस समिति ने जूलूस को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों सहित तहसील प्रशासन व पुलिस विभाग तथा नगर पालिका प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त मौके पर होली जुलूस कमेटी के अध्यक्ष रामजीत साहू, महामंत्री दिनेश मौर्य, राकेश सोनकर, गिरिराज मद्धेशिया, घिशियावन मौर्य, श्याम बाबू गुप्ता ,रघुनाथ यादव, अनुराग जायसवाल, तामेश्वर गुप्ता, पप्पू यादव, सुशील अग्रवाल, जंग बहादुर कन्नौजिया, विशाल मांझी, जयपाल मौर्य, विशु सलूजा, पुल्लू चौरासिया, राजेश सिंह सलूजा, अनिल सिंह, संतोष अग्रवाल, मनोज खन्ना, भरत बंसल आदि संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।





