अम्बेडकरनगर: इलाज़ के दौरान घायल की मृत्यु होने से आक्रोशित परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कराने से इनकार कर दिया जिससे स्थानीय प्रशासन का हाथपांव फूल गया। एसडीएम सीओ व थानाध्यक्ष के मान मनौवल एवं आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही के आश्वासन पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।
कटका थाना क्षेत्र अंतर्गत मसोढा गांव में अधेड़ की पिटाई से हुई मौत के बाद मृतक का शव बुधवार देर रात गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और सुबह परिजनों ने पुलिस पर धारा में बढ़ोत्तरी, आरोपी की गिरफ्तारी व आर्थिक सहायता समेत विभिन्न मांगो को लेकर शव को घर पर रख कर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीणों ने भी मांग को जायज ठहराते हुए धरने का समर्थन किया। शव का अंतिम संस्कार न करने की सूचना पर पहुंचें एसडीएम जलालपुर सुभाष सिंह, सीओ देवेंद्र कुमार मौर्य व एसओ कटका यादवेंद्र सोनकर मौके पर पहुंचे और घंटो मान मनौवल व मांगो को मान लेने के आश्वासन पर शव का कड़ी सुरक्षा के बीच चहोड़ा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों की मांग थी कि पुलिस ने मार पीट और प्राण घातक हमले के मुकदमे में आरोपियों को बचाने के लिए गैर इरादतन हत्या की धारा हटाकर हत्या की धारा में बदला जाये, सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और परिजनों के आजीविका के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाय।
सूचना पर पहुंचे उप जिलाधिकारी सुभाष सिंह व सीओ देवेंद्र कुमार मौर्य ने परिजनों को समझाया बुझाया और सभी मांगो को मान लेने का आश्वासन दिया।
बीते रविवार को मसोढा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह गांव स्थित शुभम यादव के भठ्ठा के करीब भैंस चरा रहे थे। इसी बीच रंजिशन सेमरा निवासी राजकुमार व उस के पुत्रों ने लात घूसों से पिटाई करते हुए उन के सर पर लाठी से प्रहार कर दिया। गम्भीर रूप से घायल सुरेंद्र सिंह की लखनऊ में इलाज के दौरान मंगलवार को मृत्यु हो गयी थी। जिन का शव पोस्टमार्टम बाद बुधवार को गांव पहुंचा।इस सम्बंध में सीओ देवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि मुकदमे में हत्या की धारा को बढ़ाया गया है। नामजद आरोपी के साथ अन्य सहयोगी विपिन और एक किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शासन की तरफ से प्रदत्त सुविधा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।





