बिजली विभाग ने सुरक्षा दृष्टि से 06 बिन्दुओ पर जारी किया था दिशा निर्देश
अस्थाई विद्युत संयोजन के दबाव को लेकर हुई बहस
अम्बेडकरनगर: शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन विद्युत विभाग व श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति का आमने सामने टकराव हो गया। बिजली विभाग जहां अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने के साथ 06 बिन्दुओ पर जारी दिशा निर्देश का पालन कराने में जुटी है वहीं टाण्डा नगर क्षेत्र की दुर्गा पूजा समितियों की मांग पर श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति टाण्डा खुल कर मैदान में आ गई है।
टाण्डा विद्युत वितरण खंड के अधिशाषी अभियंता द्वारा गत दिनों दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षात्मक दृष्टि से 06 बिन्दुओ पर दिशा निर्देश जारी कोय गया था, जिसमें बिजली के तारों के नीचे दुर्गा पंडाल ना बनाने, लोहा की जगह लकड़ी व बांस का प्रयोग करने सहित अस्थाई बिजली कनेक्शन लेने की बात शामिल थी जबकि श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति द्वारा उच्च अधिकारियों सहित तहसील व विद्युत विभाग को भी 25 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व की तरह व्यवस्था कराने की मांग किया था।
सोमवार को शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन टाण्डा नगर क्षेत्र के मोहल्लाह कस्बा छोटी बाजार में श्री बाल दुर्गा पूजा समिति द्वारा तैयार किये जा रहे माता रानी के भव्य पंडाल पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने अधिशाषी अभियंता द्वारा जारी दिशा निर्देश का पालन करने का दबाव बनाया। श्री बाल दुर्गा पूजा समिति कस्बा छोटी बाजार का दावा है कि बिजली विभाग द्वारा अस्थाई कनेक्शन लेने का दवाब बनाना गया जिसके बाद महासमिति को बुलाना पड़ा। मौके पर पहुंचे श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष विशाल मांझी व महामंत्री दिनेश मौर्य तथा बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई।

इस दौरन श्री बाल दुर्गा पूजा समिति ने महासमिति को ज्ञापन देते हुए बताया कि अभी तक बिजली की व्यवस्था नहीं हुई है और अस्थाई कनेक्शन का दबाव बनाया जा रहा है जिससे पंडाल सजाने का काम प्रभावित हो रहा है और शीघ्र बिजली की व्यवस्था नहीं हुई तो पंडाल बनाने का काम रोक कर पंडाल बन्द कर दिया जाएगा। उक्त मामले में अधिशाषी अभियंता मोहित कुमार ने बताया कि सुरक्षात्मक दिशा निर्देश जारी किया गया है और मौके पर जाकर चेक भी किया जा रहा है कि भीड़ होने के दौरान कोई घटना दुर्घटना ना हो सके।
बहरहाल नवरात्रि के प्रथम दिन सोमवार को ही बिजली विभाग व महासमिति के बीच हुई नोकझोंक की वीडियों भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है हालांकि बिजली विभाग सुरक्षा का हवाला देते हुए दिशा निर्देश का पालन कराना चाहता है जबकि श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा महासमिति पूर्व की तरह परंपरागत ढंग से नवरात्रि पर्व को सम्पन्न कराना चाहती है।








