अम्बेडकरनगर: स्वर्गीय श्रद्धा यादव की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक सराहनीय पहल के तहत आयोजित होने वाले निःशुल्क सिलाई मशीन वितरण समारोह के लिए आवेदकों की जांच एवं चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आयोजन समिति ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का गहन सत्यापन करने के बाद पात्र महिलाओं का चयन कर लिया गया है। 
बताते चलेंकि प्रभावती कैलाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ शारद यादव की पत्नी स्वर्गीय श्रद्धा यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर ट्रस्ट द्वारा 28 जून रविवार को बसखारी क्षेत्र में आयोजित सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम में पुनः 51 जरूरतमंद एवं पात्र महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. शरद यादव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से सम्पन्न की गई है ताकि वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंच सके।
28 जून को शाम 4 बजे आयोजित होने वाले समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश भी दिया जाएगा।




