अम्बेडकरनगर: जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बुधवार को स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय हीड़ी पकड़िया तथा निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
i
जिलाधिकारी ने बुधवार को राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय हीड़ी पकड़िया पहुंचकर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. नितेश करण गिरी ने बताया कि चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने, निर्धारित समयानुसार चिकित्सालय संचालन सुनिश्चित करने तथा परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विकास खंड भीटी स्थित लगभग 23.59 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय नरहरपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था द्वारा बताया गया कि परियोजना का 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा कर अक्टूबर माह तक विद्यालय भवन को पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन भवनों, विभिन्न संरचनाओं एवं उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का गहन परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य स्वीकृत आगणन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं तथा गुणवत्ता संबंधी किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों ही समाज के विकास के प्रमुख आधार हैं, इसलिए इनसे जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड निर्माण खंड अयोध्या के अभियंता, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


