अम्बेडकरनगर: समाजसेवा के क्षेत्र में वर्षों से अपनी अलग पहचान बना चुके टांडा नगर निवासी वरिष्ठ समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा ने अब जिले के युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में एक बड़ी पहल का ऐलान किया है। एक विशेष इंटरव्यू में उन्होंने घोषणा की कि अम्बेडकरनगर में सिविल सेवा (IAS/PCS) की तैयारी करने वाले मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्रों के लिए पहले चरण में 20 अभ्यर्थियों को पूरी तरह नि:शुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
धर्मवीर सिंह बग्गा ने बताया कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में इस अभियान का दायरा बढ़ाकर सैकड़ों छात्रों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली युवा के सपनों के बीच बाधा न बन सके। उन्होंने कहा कि अम्बेडकरनगर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की है।
धर्मवीर सिंह बग्गा का सामाजिक जीवन सेवा और समर्पण की मिसाल रहा है। उनकी संस्था ‘सेवा ही धर्म’ टीम के माध्यम से अब तक आयोजित सर्वधर्म सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में 1,000 बेटियों का कन्यादान कराया जा चुका है। इसके साथ ही संस्था लगातार कन्या विवाह सहयोग अभियान चला रही है, जिसके तहत 5,000 परिवारों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
यही नहीं, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए धर्मवीर सिंह बग्गा वर्षों से लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार भी कराते आ रहे हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में उनके नेतृत्व में चलाए गए व्यापक सैनिटाइजेशन अभियान ने पूरे जिले में मिसाल कायम की थी। उस समय उनकी टीम ने घर-घर, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजेशन कर लोगों को राहत पहुंचाई, जिसकी आम जनता के साथ-साथ प्रशासन ने भी सराहना की थी।
अब शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं के क्षेत्र में उनकी यह नई पहल अम्बेडकरनगर के युवाओं के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। यदि यह अभियान अपने उद्देश्य के अनुरूप आगे बढ़ता है, तो आने वाले वर्षों में जिले से बड़ी संख्या में IAS, PCS और अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थी निकल सकते हैं।
धर्मवीर सिंह बग्गा की इस घोषणा को जिले के सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। युवाओं और अभिभावकों को उम्मीद है कि यह प्रयास न केवल प्रतिभाओं को नई उड़ान देगा, बल्कि अम्बेडकरनगर की पहचान शिक्षा और प्रशासनिक सेवाओं में भी मजबूत करेगा।




