अम्बेडकरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत रविवार को जनपद के सभी विकासखंडों में त्रि-दिवसीय विकासखंड स्तरीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 14 से 16 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। 
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं पंजीकरण स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका पंजीकरण भी किया गया। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, ओडीओपी योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित अनेक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्वास्थ्य मेले में लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार चिकित्सीय परामर्श और दवाएं भी वितरित की गईं। वहीं, पंपलेट, पोस्टर और बैनरों के माध्यम से योजनाओं के लाभ एवं पात्रता संबंधी जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।
विकासखंड कटेहरी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय ने किया, जबकि विकासखंड टांडा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा तथा विकासखंड भीटी में कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्ग के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रशासन का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की पहुंच और प्रभावशीलता को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।




