अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट:आलम खान – मान्यता प्राप्त पत्रकार) जिले के बुनकरों के लिए सरकार ने कारोबार बढ़ाने का सुनहरा अवसर दिया है। यदि आप पावरलूम का विस्तार करना चाहते हैं या नई मशीनें खरीदकर अपने काम को नई रफ्तार देना चाहते हैं, तो अब बड़ी आसानी से 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इतना ही नहीं, सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान (सब्सिडी) भी मिलेगा। सबसे बड़ी राहत यह है कि 6 महीने तक कोई किस्त जमा नहीं करनी होगी, जबकि पूरा ऋण 4 वर्षों तक ब्याज मुक्त रहेगा।
जिला उद्योग विभाग द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत संचालित इस योजना का उद्देश्य बुनकरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और आधुनिक मशीनों के जरिए उनके कारोबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
सूचना न्यूज़ एडिटर से विशेष बातचीत में जिला उद्योग विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर हरि प्रताप मौर्य ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को केवल आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि बाकी सभी औपचारिकताओं में विभाग की टीम पूरा सहयोग करेगी, जिससे पात्र बुनकरों को बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाले ऋण से बुनकर नई मशीनें खरीद सकते हैं, पावरलूम की संख्या बढ़ा सकते हैं और अपने उत्पादन के साथ-साथ आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।
ब्याज मुक्त ऋण लेने लिए आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 8वीं पास चाहिए। आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, नई मशीन का कोटेशन व बैंक पासबुक चाहिए।
असिस्टेंट कमिश्नर हरि प्रताप मौर्य ने बताया कि इच्छुक बुनकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत www.msme.up.gov.in ऑनलाइन के लिए इसे टच करें। पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा बसखारी रोड स्थित एआरटीओ कार्यालय के निकट जिला उद्योग कार्यालय पहुंचकर भी पूरी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। किसी भी प्रकार की जानकारी या आवेदन में सहायता के लिए विनय कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9208883576 पर संपर्क किया जा सकता है।
जनहित में अपील: यदि आपके परिवार, रिश्तेदारी या आसपास कोई बुनकरी का कार्य करता है, तो यह खबर अवश्य साझा करें। सरकार की इस लाभकारी योजना का समय रहते लाभ उठाकर वे अपने रोजगार को नई उड़ान दे सकते हैं।




