राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने जारी की नियुक्ति सूची, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
अम्बेडकरनगर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से अकबरपुर विधानसभा इकाई में आंशिक फेरबदल करते हुए तीन नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। यह नियुक्तियां बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश तथा प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद की गई हैं। 
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, पूर्व नेता विधान परिषद दिनेश चन्द्र, मुख्य जोन प्रभारियों एवं वरिष्ठ नेताओं की सहमति से जनपद अम्बेडकरनगर के संगठन में यह बदलाव किया गया है।
बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम के अनुसार आइजाराम प्रधान (ग्राम माजउव, पोस्ट रामपुर, मंगुराडीला) को विधानसभा अध्यक्ष, अकबरपुर बनाया गया है। विनायक निषाद (ग्राम सिरसानी, अखईपुर) को विधानसभा 281 अकबरपुर का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है व एडवोकेट विजय कुमार को अकबरपुर विधानसभा का महासचिव मनोनीत किया गया है।
जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने उम्मीद जताई कि नवमनोनीत पदाधिकारी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




