अम्बेडकरनगर: आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच बहुजन समाज पार्टी ने मंगलवार को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन कर चुनावी समीकरणों को नई दिशा देने का प्रयास किया। याकूबपुर कटारिया बाग में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने अकबरपुर विधानसभा सीट से पार्टी नेता मनोज वर्मा को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए नारा केवल दिखावा है और पार्टी पूरी तरह परिवारवाद की राजनीति में उलझी हुई है। अकबरपुर की जनता अब ऐसे नारों के बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद जनपद अंबेडकरनगर में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में आज जो भी प्रमुख विकास कार्य दिखाई देते हैं, वे बहुजन समाज पार्टी की सरकार की देन हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता एक बार फिर बसपा की ओर आशा और विश्वास से देख रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि “2007 का इतिहास 2027 में दोहराया जाएगा और बहुजन समाज पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।” उन्होंने कहा कि बसपा सामाजिक न्याय, संविधान और सर्वसमाज के सम्मान की राजनीति करती है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा।
इस दौरान उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि मनोज वर्मा 2027 में अकबरपुर के विधायक बनेंगे। उनके इस बयान पर सम्मेलन स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।
नवनिर्वाचित प्रत्याशी मनोज वर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सम्मान, विकास और अधिकारों के लिए वे लगातार संघर्ष करते रहेंगे तथा कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
पूर्व एमएलसी एवं कई मंडलों के प्रभारी दिनेश चंद्रा की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में मुख्य मंडल प्रभारी अरविंद गौतम, प्रदीप भारती, प्रदीप मौर्य, अजय गौतम, दयाराम राजभर, राघवेंद्र तिवारी, पवन मौर्य और मोहम्मद अकरम सहित अनेक नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य मंडल प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने किया। सम्मेलन में जिला अध्यक्ष सुनील सावंत, जिला महासचिव रोहित प्रजापति, राधेश्याम राजभर, श्रीकांत वर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, अकबरपुर विधानसभा सीट पर बसपा द्वारा समय से पहले प्रत्याशी घोषित किया जाना आगामी चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना सकता है।




