अम्बेडकरनगर: 277 कटेहरी विधान सभा के उपचुनाव में एक तरफ जहां राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों व उनके समर्थकों का जनसंपर्क तेज़ हो गया है वहीं दूसरी तरफ नाराज़ होने का भी सिलसिला जारी है। 2022 के चुनाव में रनर रहे अवधेश द्विवेदी भाजपा के नामांकन कार्यक्रम में ही नहीं बल्कि केंद्रीय चुनावी कार्यालय उद्घाटन अवसर पर भी नज़र नहीं आए जिससे उनके नाराज़ होने की चर्चाएं क्षेत्र में फैल गई हालांकि श्री अवधेश ने अस्वस्थ होने की बात कही। ब्राह्मण समाज को नज़र अंदाज़ कर भाजपा द्वारा धर्मराज निषाद को प्रत्याशी बनाने से ब्राह्मण महासभा भी नाराज़ नज़र आने लगी।
ब्राह्मण महासभा सेवा समिति के प्रदेश संयोजक धीरेन्द्र त्रिपाठी ने खुल कर नाराज़गी प्रकट करते हुए कहा कि कटेहरी उपचुनाव में भाजपा को हराकर बदला लेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में अवधेश द्विवेदी काफी कम अंतर से चुनाव पराजित हुए थे और उनको उम्मीदवार बनाने की पूरी उम्मीद थी लेकिन अवधेश द्विवेदी को उपचुनाव में मौका ना देकर बड़ी गलती कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारी को सम्मानित करने के सवाल पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वो उनका व्यक्तिगत मामला है लेकिन इस बार ब्राह्मण समाज बदला जरूर लेगा।
बहरहाल एक तरफ भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी किसी कार्यक्रम में नज़र ना आने का कारण अस्वस्थ होना बता रहे हैं तो दूसरी तरफ ब्राह्मण महासभा खुल कर उनको टिकट ना दिए जाने पर नाराजगी प्रकट कर बदला लेने की चेतावनी दे रही है हालांकि चुनाव चिन्ह प्रदान किये जाने के बाद क्या स्थिति बनती है वो समय बताएगा।



