अम्बेडकरनगर: सम्मनपुर थाना क्षेत्र के लखनिया गाँव में शनिवार की देर शाम मामूली बाइक टक्कर ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत चार युवकों ने 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शरीफपुर निवासी 22 वर्षीय साहिल पुत्र शकील अपने दोस्त जमशेद पुत्र नसीम के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान लखनिया पंचायत भवन के पास सामने से एक बाइक पर सवार चार युवक लहराते हुए पहुंचे और उनकी बाइक टकरा गई। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आरोप है कि शराब के नशे में धुत चारों युवकों ने साहिल और जमशेद पर लाठी-डंडों और बॉस से हमला बोल दिया। हमले में साहिल के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि जमशेद मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। मौके पर सम्मनपुर थानाध्यक्ष सहित भारी पुलिस बल तैनात है और ग्रामीणों से आरोपियों की तलाश में दबिश देने का दावा कर रहे हैं हालांकि उनका सीयूजी मोबाइल कवरेज क्षेत्र से बाहर बता रहा है।




