नशा के कारण पत्नी चली गई मायके, पैसों की कमी पूरी करने के लिए एटीएम मशीन को बनाया निशाना
अम्बेडकरनगर: नशा इंसान की बुद्धि ही नहीं खराब करता है बल्कि कुछ ऐसा गलत काम भी करा देता है जिससे इंसानों को जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ता है। ताजा मामला टांडा नगर में भी सामने आया जहाँ एक नशेड़ी युवक पैसों की तलाश में बैंक के एटीएम पर ही हमला बोल दिया और जब सीसीटीवी कैमरे पर नज़र पड़ी तो उसे भी तोड़ दिया हालांकि खतरे का सायरन बजते ही भाग निकला और दूसरे एटीएम में पहुंच गया, उसे वहां भी सफलता नहीं मिली, लेकिन नशेड़ी युवक ने हिम्मत नहीं हारी और दूसरे दिन रात्रि 02 बजे भी एटीएम मशीन तोड़ कर पैसा निकलने की नीयत से पहुंच गई लेकिन टांडा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एटीएम मशीन तोड़ कर धन निकलने की कोशिश में गिरफ्तार 20 वर्षीय राजू उर्फ रेहान पुत्र स्वर्गीय जुम्मन निवासी ग्राम मछलीगांव थाना सम्मनपुर ने बताया कि कि मैं नशा करने का आदी हूं, जिस कारण मेरी पत्नी भी मुझसे नाराज होकर अपने मायके चली गयी, मेरे पास नशा करने के लिए पैसा नहीं था और मैं काफी परेशान था, इसलिए कल रात करीब दो बजे के आसपास मैं रोडवेज टाण्डा पहुंचा, जहां पर एक बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम था जिसका शटर गिरा हुआ था, मैने शटर उठाया और चोरी करने के इरादे से एटीएम में घुसा, मुझे लगा कि एटीएम मशीन में बहुत पैसा होगा, एक बार में चोरी कर लूंगा काफी दिनो की दिक्कत दूर हो जायेगी। मैने एटीएम के अन्दर घुस कर बहुत ताकत से मशीन को तोड़ने की कोशिश किया लेकिन मशीन नहीं खुली, एटीएम में कैमरा लगा हुआ था, मैं पकड़ा ना जाऊ इसके डर से कैमरे को भी तोड़ना चाहा तो वहां सायरन बज गया। जिसके कारण मैं डर कर वहां से भाग निकला और फिर उसी रात आदर्श तिराहा आया जहां पर आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम था, जिसका शटर गिरा हुआ था, आस पास कोई नहीं था तो मैं मौका पाकर पैसा चोरी करने के इरादे से शटर को उठाकर एटीएम में घुसा और मशीन के कवर को ऊपर कर दिया लेकिन पैसा नहीं मिला। तो मैने मशीन को उखाड़ने और हटाने की कोशिश किया लेकिन मशीन नहीं खुली और नहीं पैसा मिला। मुझे लगा कि कोई मुझे देख न ले इसलिए मैं अपना मुंह बांध कर एटीएम में घुसा था। जब मैं पैसा नहीं निकाल पाया और सायरन बजने लगा तो मैं वहां से अपनी मोटरसाइकिल से भाग गया।
गिरफ़्तार राजू ने बताया कि सोमवार की भोर में थिरुआ पुल के पास एसबीआई एटीएम मशीन को खोलकर पैसा निकालने आया था कि शायद यहां पर पैसा मिल जाये लेकिन आप लोगो ने पकड़ लिया।
टांडा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपी राजू उर्फ रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया है।








