अम्बेडकरनगर: अपराधियों और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अलीगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय द्वारा अभियान लगातार जारी रखा गया है। बुधवार को पुलिस ने एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेज व धोखाधड़ी से जुड़े मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में 20 पाउच अवैध देशी शराब के साथ एक आरोपी को दबोच लिया। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी टाण्डा के पर्यवेक्षण में अलीगंज पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 127/26 में वांछित अभियुक्त मोहम्मद अनवर (55) पुत्र मोहम्मद युसुफ, निवासी मोहल्ला मुमताजगंज, थाना अलीगंज को गिरफ्तार किया।
अलीगंज पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा धारा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सुबह 9:55 बजे गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
नशे के खिलाफ भी अलीगंज पुलिस का शिकंजा
इसी क्रम में अलीगंज पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाल गोविन्द विश्वकर्मा (34) पुत्र रामपति उर्फ बाढ़ू, निवासी सम्हरिया, थाना अलीगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 पाउच अवैध देशी शराब बरामद होने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी सुबह करीब 9:30 बजे की गई। बरामदगी के आधार पर थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 128/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष की सक्रियता से तेज हुई कार्रवाई
थाना अलीगंज की इन लगातार कार्रवाइयों में थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय के नेतृत्व की भी चर्चा हो रही है। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस टीम की सक्रियता ने साफ संकेत दिया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
फर्जी दस्तावेज से जुड़े मुकदमे में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी हो या फिर अवैध शराब के साथ आरोपी की धरपकड़—अलीगंज पुलिस की एक ही दिन में हुई दो कार्रवाइयों ने अपराध और नशे के खिलाफ अभियान की धार को सामने ला दिया है।
कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज मामले में उपनिरीक्षक विकास गौतम, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार यादव और कांस्टेबल मोहम्मद नईम खां शामिल रहे। वहीं अवैध शराब की कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरिशंकर यादव, हेड कांस्टेबल अमरजीत यादव और कांस्टेबल केशव सिंह की भूमिका रही।




