WhatsApp Icon

640वें उर्स में निकला शान-ओ-शौकत से पालकी जुलूस, मखदूम पाक के पवित्र ख़िरका व छड़ी मुबारक के दीदार को उमड़ा जनसैलाब

Sharing Is Caring:

सज्जादानशीन ने देश-दुनिया में अमन, भाईचारे और खुशहाली की मांगी दुआ, डीएम-एसपी की निगरानी में चप्पे-चप्पे पर रही कड़ी सुरक्षा

अम्बेडकरनगर। 640वें वार्षिक उर्स-ए-मखदूम अशरफ के दौरान सोमवार को 27 मोहर्रम के मौके पर दरगाह किछौछा में आस्था का भव्य नज़ारा देखने को मिला। परंपरानुसार सज्जादानशीन अल्लामा मौलाना सैय्यद मोहिउद्दीन अशरफ की पालकी उनके पैतृक आवास बसखारी से पूरे शान-ओ-शौकत और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दरगाह किछौछा पहुंची। पालकी जुलूस में शामिल अकीदतमंदों और मलंगों के जोश ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

दरगाह पहुंचने के बाद सज्जादानशीन ने लहदखाना से प्राचीन ख़िरका-ए-मुबारक (पवित्र वस्त्र) धारण किया। इस पवित्र क्षण की एक झलक पाने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों जायरीन उमड़ पड़े। ख़िरका-ए-मुबारक के दीदार के दौरान पूरा दरगाह परिसर “या मखदूम अशरफ” के नारों से गूंज उठा।

इसके बाद मलंगों की टोली सज्जादानशीन को लेकर मुख्य आस्ताना पहुंची, जहां उन्होंने देश की तरक्की, विश्व शांति, अमन-चैन और इंसानियत की भलाई के लिए विशेष दुआएं मांगी। दुआ के उपरांत वह पुनः लहदखाना पहुंचे और वहां भी विशेष मुनाजात की।

उधर, 640वें उर्स एवं मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करती रहीं। मेले में कई मजिस्ट्रेटों की तैनाती, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना तथा चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। बसखारी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले नजर आए।

इस अवसर पर सैय्यद फैज़ान अशरफ एडवोकेट (चांद मियां), मौलाना सैय्यद अज़ीज़ अशरफ, सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी, सैय्यद खलीक अशरफ, सैय्यद मोहम्मद अशरफ उर्फ मुन्ना मियां, सैय्यद रेहान अशरफ, सैय्यद शेखु अशरफ, सैय्यद बदिउद्दीन अशरफ, सैय्यद फहद अशरफ, सैय्यद यहिया अशरफ, सैय्यद मिनहाज अशरफ, सैय्यद यहिया अशरफ किछौछा, मलंग सज्जादानशीन आलम शाह, गफूर शाह, जुहैब खान, मेराज अहमद, इमरान गांधी सहित बड़ी संख्या में सज्जादानशीन परिवार के सदस्य, मलंग एवं देश-विदेश से आए जायरीन मौजूद रहे।

अन्य खबर

बिना नोटिस काट दी दुकान की बिजली, कनेक्शन जोड़ने के नाम पर मांगे दो हजार; व्यापारी ने की शिकायत

गोरखपुर में शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना पर टिकी निगाहें, विधायक राममूर्ति वर्मा समर्थकों संग सुबह से डटे!

अम्बेडकरनगर में नौकरी के लिए उमड़ा युवाओं का सैलाब! 22 कंपनियों ने खोला रोजगार का पिटारा, 809 का चयन

error: Content is protected !!