अम्बेडकरनगर जनपद के थाना कटका क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव में एक नवविवाहिता की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार बहादुरपुर निवासी विनोद निषाद (25 वर्ष) पुत्र रामलाल निषाद ने अपनी पत्नी प्रेमशिला (22 वर्ष) पुत्री राम प्यारे की मंगलवार देर रात कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक बात यह है कि दोनों की शादी अभी 20 अप्रैल 2026 को ही हुई थी और महज 54 दिन में ही प्रेमशिला की जिंदगी खत्म हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी विनोद निषाद नशे का आदी था और अक्सर विवाद करता था। बताया जा रहा है कि घटना की रात भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण प्रेमशिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कटका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति विनोद निषाद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में अन्य परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घर के अन्य सदस्य घटना के बाद से फरार हैं।
एक ओर जहां शादी के कुछ ही दिनों बाद दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी पूरी तरह फीका नहीं पड़ा था, वहीं दूसरी ओर उसकी अर्थी उठने से पूरे गांव में मातम छा गया। यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीण दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
54 दिन पहले सात फेरे, अब श्मशान तक का सफर… बहादुरपुर की प्रेमशिला की दर्दनाक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।




