अम्बेडकरनगर। नई बस्ती कश्मीरिया टांडा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हज़रत हाफ़िज़ निज़ामुद्दीन क़ादरी के उर्स-ए-निज़ामी का आयोजन बेहद अदब, एहतराम और रूहानी माहौल में किया गया। उर्स में शहर की नामचीन हस्तियों के साथ उलमा-ए-किराम, मशाइख और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की।
उर्स के दौरान अकीदतमंदों ने हज़रत हाफ़िज़ निज़ामुद्दीन क़ादरी की बारगाह में अपनी अकीदत पेश की और फ़ैज़ व बरकत हासिल करने की दुआ की। पूरे आयोजन के दौरान माहौल रूहानी और खुशनुमा बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने उर्स में शामिल होकर अल्लाह तआला से देश-प्रदेश में अमन, खुशहाली और तरक्की की दुआएं मांगीं।आयोजकों ने बताया कि उर्स-ए-निज़ामी का उद्देश्य बुजुर्गों की तालीम और उनकी रूहानी विरासत को याद करना तथा आपसी भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम देना है। आयोजन में शामिल लोगों ने पूरे अदब के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस मौके पर गद्दीनशीन मोहम्मद अहमद मियां की ओर से भी अकीदतमंदों के लिए दुआएं की गईं। लोगों ने उर्स के सफल आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसे रूहानी आयोजन समाज में मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का संदेश मजबूत करते हैं। अंत में अल्लाह तआला से उर्स-ए-निज़ामी को कुबूल फरमाने, हज़रत के फ़ैज़ व बरकत को जारी रखने तथा सभी अकीदतमंदों को रहमत, बरकत और हिदायत से नवाज़ने की दुआ की गई। आमीन।




