अम्बेडकरनगर। बुनकर नगरी टाण्डा में कई दिनों से बिजली विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना बिजली कनेक्शन काटने, बिजिलिन्स टीम की अचानक छापेमारी, भारी-भरकम जुर्माना लगाने और कथित रूप से दलालों के माध्यम से मामलों के निस्तारण के आरोपों को लेकर बुनकर समाज और आम जनता में जबरदस्त आक्रोश है।
बुनकर समाज की शिकायत पर सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं टाण्डा विधायक राममूर्ति वर्मा शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद अलीगंज थाना क्षेत्र के मुमताजगंज पहुंचे। उन्होंने बुनकरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
जब काफी देर तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो विधायक राममूर्ति वर्मा मुमताजगंज स्थित शिरिया मस्जिद के निकट धरने पर बैठ गए। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव, जिला महासचिव मुजीब अहमद ‘सोनू’, नगर अध्यक्ष सैय्यद कसीम अशरफ, महन्त चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, विधानसभा अध्यक्ष संदीप यादव, रघुनाथ यादव, जिया अंसारी, इसरार अहमद समेत सैकड़ों की संख्या में बुनकर और स्थानीय नागरिक धरने में शामिल हो गए।
धरनास्थल पर मौजूद लोगों की मांग है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का स्पष्टीकरण दें और कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने का आश्वासन दें। समाचार लिखे जाने तक बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा था, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है।
विधायक राममूर्ति वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि बुनकरों और आम उपभोक्ताओं का कथित उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।




