अध्यक्ष पद पर 40 मत लेकर अभिमन्यु यादव विजयी, महामंत्री पद पर 49 वोट के साथ पारसनाथ प्रजापति ने मारी बाजी; अन्य पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
अम्बेडकरनगर: टांडा बार एसोसिएशन के सत्र 2026-27 के चुनाव में अधिवक्ता हितों के संघर्ष में लंबे समय से सक्रिय रहे अभिमन्यु यादव को अध्यक्ष और पारसनाथ प्रजापति को महामंत्री निर्वाचित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में अभिमन्यु यादव ने 40 मत हासिल कर जीत दर्ज की। दिलीप कुमार को 35 तथा नरेंद्र प्रसाद पांडेय को 31 मत मिले। वहीं महामंत्री पद पर पारसनाथ प्रजापति ने 49 मत प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। संजीव प्रताप सिंह को 31, चंद्रेश वर्मा को 21 और इन्द्रसेन वर्मा को 4 मत मिले।
चुनाव की खास बात यह रही कि अध्यक्ष और महामंत्री पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राम लाल राव, उपाध्यक्ष पद पर जमाल अख्तर, संयुक्त मंत्री पद पर अब्दुल माबूद एडवोकेट, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर शरद वर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर राम प्रसाद श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य पद पर भाष्कर उपाध्याय शामिल हैं।
निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों के निर्वाचन के बाद अधिवक्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर सम्मानित किया था। अब अध्यक्ष और महामंत्री पद के परिणाम आने के साथ ही टांडा बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन पूरा हो गया है।
अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु यादव और महामंत्री पारसनाथ प्रजापति को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों, अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अध्यक्ष और महामंत्री पद के चुनाव के साथ ही अब सत्र 2026-27 के लिए टांडा बार एसोसिएशन की नई टीम पूरी तरह सामने आ गई है।




