अम्बेडकरनगर: मिशन शक्ति अभियान के तहत टाण्डा कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए 9 वर्षीय बालक को महज एक दिन के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रसूलपुर मुबारकपुर निवासी साबिर अली का 9 वर्षीय पुत्र आबिद अली 30 जुलाई की सुबह घर से लापता हो गया था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम और पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।
लगातार प्रयासों के बाद 31 जुलाई को पुलिस ने बालक आबिद अली को सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसके पिता साबिर अली के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति अम्बेडकरनगर पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता को साबित किया।




