निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाओं से लादकर दी बधाई, अध्यक्ष की जीत के साथ 15 अगस्त को ध्वजारोहण का भी गौरव
टांडा (अम्बेडकरनगर)। अधिवक्ता संघ टांडा के सत्र 2026-27 के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष और महामंत्री पद को छोड़कर संघ के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी। बधाइयां देने का सिलसिला जारी रहा और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राम लाल राव, उपाध्यक्ष पद पर जमाल अख्तर, संयुक्त मंत्री पद पर अब्दुल माबूद एडवोकेट, पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर शरद वर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर राम प्रसाद श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य पद पर भाष्कर उपाध्याय निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्विरोध निर्वाचन के बाद अधिवक्ता संघ परिसर में समर्थकों और साथी अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बधाई देने का सिलसिला चलता रहा और चुनावी माहौल में उत्साह नजर आया।
हालांकि संघ के दो प्रमुख पदों अध्यक्ष और महामंत्री के लिए मुकाबला अभी बाकी है। आगामी 14 अगस्त को अध्यक्ष पद के लिए अभिमन्यु यादव, नरेंद्र प्रसाद पाण्डेय और दिलीप कुमार मांझी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। वहीं महामंत्री पद पर चंद्रेश वर्मा, पारस नाथ प्रजापति, संजीव प्रताप सिंह और इन्द्रसेन वर्मा के बीच बहुकोणीय मुकाबला होगा।
14 अगस्त को मतदान कराया जाएगा और इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। ऐसे में अधिवक्ता संघ टांडा की नई कार्यकारिणी की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शैलेन्द्र कुमार उपाध्याय ने बताया कि संघ की परंपरा के अनुसार 14 अगस्त को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने वाला प्रत्याशी ही 15 अगस्त के शुभ अवसर पर अधिवक्ता संघ में ध्वजारोहण करेगा। इससे अध्यक्ष पद का चुनाव और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
अध्यक्ष और महामंत्री पद के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह है। अब सभी की निगाहें 14 अगस्त को होने वाले मतदान और उसके बाद घोषित होने वाले परिणाम पर टिकी हैं।




