अम्बेडकरनगर। जिले की मेधावी छात्रा सुश्री रम्या सिंह ने शिक्षा जगत में नया इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के 21वें दीक्षांत समारोह में अध्ययन केंद्र एस-816, देव इंद्रावती पी.जी. कॉलेज, कटेहरी (अंबेडकरनगर) की छात्रा रम्या सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक सहित कुल चार प्रतिष्ठित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि रम्या सिंह ने बीएससी परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण करते हुए विज्ञान वर्ग में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इतना ही नहीं, वह विश्वविद्यालय की सभी स्नातक एवं परास्नातक शाखाओं के सफल विद्यार्थियों में सर्वश्रेष्ठ रहीं। उनकी इसी असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें एक साथ चार स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
रम्या सिंह को मिलने वाले सम्मान में कुलाधिपति स्वर्ण पदक, विज्ञान विद्या शाखा विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, बाबू ओमप्रकाश गुप्त स्मृति स्वर्ण पदक तथा स्वर्गीय डॉ. मुरलीधर तिवारी स्मृति स्वर्ण पदक शामिल हैं।
अंबेडकरनगर की इस बेटी की शानदार सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर है। देव इंद्रावती पी.जी. कॉलेज के साथ-साथ जनपद के शिक्षकों, विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों ने रम्या सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।




