WhatsApp Icon

IPS की मां की संदिग्ध मौत पर सपा का यू-टर्न, रूढ़ा जाने वाला प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम स्थगित

Sharing Is Caring:

अखिलेश यादव के निर्देश पर 20 अगस्त को प्रस्तावित था सपा प्रतिनिधिमंडल का दौरा; प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने जारी किया नया पत्र

जलालपुर, अंबेडकरनगर। आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में 20 अगस्त को रूढ़ा गांव पहुंचने वाला समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अब नहीं पहुंचेगा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने 19 अगस्त को नया पत्र जारी कर प्रतिनिधिमंडल के प्रस्तावित कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है।

इससे पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को 20 अगस्त को जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रूढ़ा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करनी थी। प्रतिनिधिमंडल को घटना की जानकारी लेने के साथ इसकी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपनी थी।

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की ओर से जारी नए कार्यालय-ज्ञाप में कहा गया है कि 20 अगस्त को जनपद अंबेडकरनगर के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रूढ़ा में जाने वाला प्रतिनिधिमंडल अपरिहार्य कारणों से निरस्त किया जाता है।

सिर्फ एक दिन पहले जारी हुआ था दौरे का कार्यक्रम

गौरतलब है कि 19 अगस्त को ही सपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से 17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के रूढ़ा पहुंचने का पत्र जारी किया गया था। इसमें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव, सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव लालजी वर्मा, विधायक राम अचल राजभर, विधायक राममूर्ति वर्मा, विधायक त्रिभुवन दत्त समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल को आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती मिश्रा की मौत के मामले में परिजनों से मुलाकात कर घटनाक्रम की जानकारी लेनी थी। लेकिन कार्यक्रम जारी होने के कुछ ही घंटे बाद इसके स्थगित होने का पत्र सामने आने से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

पुलिस की पांच टीमें पहले से जांच में जुटी

इधर, इंद्रावती मिश्रा की संदिग्ध मौत की पुलिस जांच जारी है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पांच जांच टीमें गठित की गई हैं। फॉरेंसिक जांच, हिस्टोपैथोलॉजिकल एनालिसिस और बिसरा रिपोर्ट के अध्ययन के बाद मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ऐसे में सपा प्रतिनिधिमंडल का दौरा स्थगित होना इस मामले में एक नया घटनाक्रम माना जा रहा है। फिलहाल पार्टी की ओर से कार्यक्रम स्थगित करने की वजह सिर्फ ‘अपरिहार्य कारण’ बताई गई है।

अन्य खबर

सर्राफा कारोबारी पर नकाबपोश बदमाशों का हमला! पाउडर फेंककर गिराया, मारपीट के बाद बाइक लूटकर फरार

अपराधियों की अब खैर नहीं! सम्हरिया चौराहे पर खाकी का नया पहरा, एसपी प्राची सिंह ने किया चौकी का उद्घाटन

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

error: Content is protected !!