अम्बेडकरनगर। जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। हंसवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 305 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन के साथ एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बरामद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी सीज कर दी गई। बरामद स्मैक की मात्रा को देखते हुए इसे जिले की बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी में माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी टाण्डा प्रदीप सिंह चन्देल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हंसवर थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मूसेपुर कला पेट्रोल पम्प के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाइक सवार को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मो. सईद (41 वर्ष) पुत्र रोशन अली निवासी भूलेपुर, थाना हंसवर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 305 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की UP45 AN 7509 नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
आरोपी के खिलाफ थाना हंसवर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम, गुण्डा एक्ट सहित 9 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस इसे नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट मान रही है।




