WhatsApp Icon

कांवड़ियों की सेवा में उतरे डीएम-एसपी, खुद बांटा प्रसाद; झारखंड महादेव मंदिर में सेवा का संगम

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। छज्जापुर टांडा स्थित श्री झारखंड महादेव मंदिर में इन दिनों आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच एक ओर श्री झारखंड महादेव कांवड़िया सेवा मंडल का 24 घंटे विशाल सेवा शिविर लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा है, तो दूसरी ओर जिला प्रशासन ने भी मोर्चा संभालते हुए शिवभक्तों का स्वागत-सत्कार किया।

कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर डीएम ईशा प्रिया और एसपी प्राची सिंह ने मंदिर पहुंचकर कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों का स्वागत-अभिनंदन किया। प्रशासन की ओर से एक दिवसीय सेवा कैंप लगाकर अल्पाहार एवं प्रसाद का वितरण कराया गया। खास बात यह रही कि डीएम-एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने खुद अपने हाथों से कांवड़ियों को प्रसाद बांटा, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।

वहीं श्री झारखंड महादेव कांवड़िया सेवा मंडल, छज्जापुर टांडा द्वारा लगाए गए विशाल सेवा शिविर में 13 से 17 अगस्त तक 24 घंटे सेवा जारी है। शिविर में कांवड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल, चाय-नाश्ता, भोजन-प्रसाद, प्राथमिक चिकित्सा, विश्राम, स्वच्छ शौचालय समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सेवा शिविर में लगातार कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है। ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज रहा है। थके-मांदे कांवड़ियों को भोजन, पानी और विश्राम की सुविधा मिलने से उनके चेहरों पर राहत और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता और सेवा भाव के साथ स्थानीय सेवा मंडल की निरंतर सेवा ने झारखंड महादेव मंदिर को इस समय शिवभक्ति और सेवाभाव के बड़े केंद्र में बदल दिया है।

अन्य खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.41 लाख से अधिक वादों का निस्तारण, करोड़ों के विवाद सुलझे

82 लाख के जगदेव बाबा सद्भावना हाल का भव्य लोकार्पण, गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

हज यात्रियों की ECG जांच में महिलाओं की निजता पर सवाल! पुरुष टेक्नीशियन के सामने कपड़े हटाने की मजबूरी, शिकायत पर CMS ने तुरंत लिया संज्ञान

error: Content is protected !!