WhatsApp Icon

संभल हिंसा: मंदिर मस्जिद के नाम पर खूनी खेल, इंसानियत को करता है शर्मसार – मौलाना जावेद हैदर जैदी

Sharing Is Caring:

धार्मिक स्थलों को विवाद का केंद्र बनाना समाज और देश के लिए घातक : मौलाना जावेद हैदर ज़ैदी

संभल में सांप्रदायिक हिंसा से दुःखी शिया धर्मगुरु ने किया अमन और भाईचारे की अपील

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के संभल में गत रविवार को शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा ने पूरे जिले में तनाव फैला दिया। इस दौरान हुई झड़प में चार युवकों की मौत हो गई और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। घटना के बाद शिया धर्मगुरु मौलाना जावेद हैदर ज़ैदी ने इस हिंसा की कड़ी निंदा की और अमन-शांति की अपील की।


बताते चलेंकि संभल की शाही जामा मस्जिद में प्रशासन द्वारा किए जा रहे सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया। स्थिति तब बिगड़ गई जब भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी। पथराव और फायरिंग के बीच तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद थे, लेकिन हालात बिगड़ने के चलते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं।
लखनऊ के प्रसिद्ध मौलाना जावेद हैदर ज़ैदी ने उक्त घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, मंदिर हो, मस्जिद हो, गुरुद्वारा हो या चर्च, ये सभी जगहें मन की शांति के लिए हैं। अगर इनके नाम पर खून बहने लगे, तो यह इंसानियत का कत्ल है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि धार्मिक स्थलों को विवाद का केंद्र बनाना समाज और देश के लिए घातक है।
मौलाना ने हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की अपील करते हुए कहा कि देश को तरक्की की ओर ले जाने के लिए गरीबी और बेरोजगारी जैसी समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत है, न कि धार्मिक विवादों पर।
उक्त घटना के बाद संभल में माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और शांति बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
मौलाना ज़ैदी के साथ अन्य धर्मगुरुओं ने भी घटना की निंदा की और सभी समुदायों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर खून-खराबा करने के बजाय समाज को एकजुट होकर गरीबी और अशिक्षा जैसी समस्याओं से लड़ना चाहिए।

अन्य खबर

महादेवा घाट पर डीएम-एसपी का पहरा, सुरक्षा के बीच दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

विजयादशमी पर पुलिस लाइन में गूंजा कर्तव्य और शौर्य का संकल्प, एसपी प्राची सिंह ने किया शस्त्र पूजन

नेहा सिंह राठौड़ के समर्थन में सड़क पर उतरी समाजवादी छात्र सभा, न्यूज चैनलों के पोस्टर जलाकर जताया विरोध

error: Content is protected !!