WhatsApp Icon

साहिल हत्याकांड में बढ़ा तनाव: परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, प्रशासन के आश्वासन के बाद सुपुर्द-ए-खाक को हुए तैयार

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के लखनिया गांव में मामूली कहासुनी के बाद 22 वर्षीय युवक साहिल की हुई निर्मम हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक साहिल पुत्र शकील का शव उसके पैतृक गांव शरीफपुर पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, तत्काल गिरफ्तारी, पुलिस एनकाउंटर तथा आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इससे गांव में कई घंटों तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। सीओ सिटी के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात की गई, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में दर्ज एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता अकील पुत्र हबीबुल्लाह ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा साहिल अपने साथियों यासीन, जमशेद और गुलाम अशरफ के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान लखनिया पंचायत भवन के निकट सुनील पुत्र अमरजीत और उसके तीन अज्ञात साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे और मामूली विवाद के बाद उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में अन्य घायल युवकों का उपचार जारी है।

सम्मनपुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 111/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2) एवं 103(1) के तहत नामजद आरोपी सुनील, उसके तीन अज्ञात साथियों तथा अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

उधर, घंटों चली वार्ता और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों के बाद स्थिति में नरमी आई। अधिकारियों ने परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए और साहिल को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी शुरू कर दी।

फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। वहीं मृतक के परिजन और ग्रामीण अब आरोपियों की गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ होने वाली अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग लगातार उठ रही है।

अन्य खबर

तनाव-अवसाद को नजरअंदाज न करें, समय पर मदद लें: मेडिकल कॉलेज में आत्महत्या रोकथाम का संदेश, राजयोग से सिखाया मन को शांत रखने का मंत्र

खेत की तारबंदी बनी मौत का जाल! करंट की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, बचाने पहुंचीं पत्नी समेत दो महिलाएं भी झुलसीं

टाण्डा पालिका में मचा हंगामा! वेतन को तरसे सैकड़ों सफाई कर्मी, ईओ को थमाया 11 सूत्रीय मांगपत्र

error: Content is protected !!