WhatsApp Icon

डीएम के मिशन को छात्रों ने दी रफ्तार! सड़कों पर उतरे स्कूली बच्चे, नुक्कड़ नाटक से दिया जीवन बचाने का संदेश

Sharing Is Caring:

हेलमेट, सीट बेल्ट, एंबुलेंस को रास्ता और मोबाइल छोड़कर वाहन चलाने की दिलाई सीख, 21 जुलाई को होगा अभियान का समापन

अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान – मान्यता प्राप्त पत्रकार) जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। सोमवार को जनपद के एक दर्जन प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग से बचने तथा एंबुलेंस को तत्काल रास्ता देने का संदेश दिया।टाण्डा नगर के जुबेर चौराहे पर डीएवी एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए राहगीरों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बच्चों ने बताया कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की भी जान बचाई जा सकती है।

वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल टांडा के विद्यार्थियों ने अलीगंज चौराहे पर जागरूकता अभियान चलाया। इसी प्रकार तक्षशिला एकेडमी लोरपुर ताजन, रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रेन एकेडमी जलालपुर, न्यू लाइट नर्सरी स्कूल सिकंदरपुर, ग्लोबल विजडम स्कूल अकबरपुर, डालमिस एनटीपीसी स्कूल टांडा, रजत पब्लिक स्कूल सैदपुर, आरपीआरएन पब्लिक स्कूल रामपुर सकरवारी, ब्रेनसीड इंटरनेशनल स्कूल टांडा, सेंट पॉल्स स्कूल अकबरपुर और डिवाइन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी जनपद के विभिन्न चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक कर लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में पोस्टर प्रतियोगिता और सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

उधर, सड़क सुरक्षा अभियान के साथ यातायात पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा नशे की हालत में वाहन संचालन से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के अनुसार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का समापन समारोह 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे लोहिया भवन सभागार, अकबरपुर में आयोजित होगा। इस अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों, सड़क सुरक्षा मित्रों और सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी की पहल पर चल रहा यह अभियान स्पष्ट संदेश दे रहा है कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जनभागीदारी और विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका से अम्बेडकरनगर में सड़क सुरक्षा को स्थायी जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा रहा है।

अन्य खबर

खतरे की दहलीज पर घाघरा! निशान से महज 1 सेंटीमीटर दूर, डीएम ने बजाया अलर्ट का सायरन

संयुक्त प्रेस क्लब के संरक्षक सत्य प्रकाश मौर्य को मातृ शोक, चार पीढ़ियों को देख मां राजकुमारी ने दुनिया से ली विदाई

IPS की मां की संदिग्ध मौत पर सपा का यू-टर्न, रूढ़ा जाने वाला प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम स्थगित

error: Content is protected !!