WhatsApp Icon

रक्षाबंधन की खुशियों पर मौत का कहर! करंट ने 36 वर्षीय युवक को निगला, सोते किशोर को सर्प ने डसा—दो घरों में मचा कोहराम

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। रक्षाबंधन की खुशियों के बीच जलालपुर क्षेत्र में मौत ने दो परिवारों पर ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते त्योहार का उत्साह चीख-पुकार और मातम में बदल गया। एक युवक की घर की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में घर में सो रहे 14 वर्षीय किशोर को जहरीले सर्प ने डस लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले और बाद तक चली जिंदगी बचाने की जद्दोजहद आखिरकार हार गई।

कटका थाना क्षेत्र के अहिरौली गोविंद साहब गांव में शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे 36 वर्षीय दिनेश चंद्र घर में लगी एल्बेस्टर की पाइप में उतरे करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें बचाने के लिए तत्काल अतरौलिया स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी नहीं मिलने की बात सामने आई। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

दिनेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियां आयुषी (10 वर्ष) व अन्वी (6 वर्ष) रह गई हैं। जिस घर में रक्षाबंधन पर रिश्तेदारों के स्वागत और खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कटका थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल ने घटना की पुष्टि की है।

उधर, जैतपुर थाना क्षेत्र के बंदीपुर गांव में शुक्रवार रात 14 वर्षीय रेयान घर में बिस्तर पर सो रहा था। इसी दौरान किसी विषैले सर्प ने उसे डस लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन घबराकर उसे नजदीकी निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया।

परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद रेयान को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रेयान तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

सूचना मिलने पर जैतपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक ही इलाके में दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं—कहीं मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया, तो कहीं माता-पिता की आंखों के सामने 14 वर्षीय बेटे की जिंदगी बुझ गई।

अन्य खबर

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

पिता ने बेटे के कंधों पर सजाए स्टार तो गर्व से चौड़ा हुआ सीना! जीवन प्रकाश तिवारी बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, जलालपुर में खुशी की लहर

हंसवर पुलिस का बड़ा एक्शन! 715 ग्राम स्मैक-हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, पांच-पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास

error: Content is protected !!